बीते दिनों कैरिबियन में एक संदिग्ध मादक पदार्थ ले जाने वाले जहाज पर अमेरिकी सेना ने हमला किया था। इसमें दो लोग जिंदा बच गए। इन लोगों पर कार्रवाई के संबंध में अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर शनिवार को बताया कि सैन्य हमले में जीवित बचे दो लोगों को उनके गृह देश इक्वाडोर और कोलंबिया भेजा जाएगा। बता दें कि सेना ने गुरुवार को एक पनडुब्बी जहाज पर हमला कर दोनों को बचा लिया। यह सितंबर से अब तक छठा ऐसा हमला था।
अमेरिका में ट्रंप विरोधी ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन, भड़के रिपब्लिकन खेमे ने बताया देश के प्रति नफरत…
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व के खिलाफ अमेरिका के कई शहरों में नो किंग्स (No Kings) प्रदर्शन हुए। शनिवार को वाशिंगटन डीसी सहित कई शहरों में प्रदर्शन पर भड़की ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने इसे देश के खिलाफ नफरत फैलाने वाली रैलियां करार दिया है। प्रशासन की नीतियों से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों के हाथों में विरोध प्रदर्शन से अधिक देशभक्ति अन्य नहीं (Nothing is more patriotic than protesting) और फासिज्म का विरोध करें (Resist Fascism) जैसे नारे वाले पोस्टर देखे गए। ओरेगन के पोर्टलैंड से प्रेरित मेंढक की पोशाक पहने प्रदर्शनकारियों ने अपने अनोखे अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा न्यूयॉर्क, बोस्टन और शिकागो की सड़कों पर भी प्रदर्शन हुए। बता दें कि ट्रंप की सत्ता में वापसी के बाद यह तीसरा बड़ा जनआंदोलन है। अमेरिका में सरकारी शटडाउन के बीच हो रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण तनाव बढ़ रहा है। देश की कई संघीय सेवाएं ठप हैं। कार्यपालिका, अमेरिकी कांग्रेस और न्यायपालिका के बीच शक्ति संतुलन पर भी बहस हो रही है। इसी बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘वे मुझे राजा कहते हैं, लेकिन मैं कोई राजा नहीं हूं।’ रैलियों के आयोजकों के मुताबिक यह विरोध अमेरिका में अधिनायकवाद (authoritarianism) के बढ़ते खतरे के खिलाफ जनता को एकजुट करने का प्रयास है।
तूफान ने फिलीपींस में मचाई तबाही, एक की मौत; हजारों लोग बेघर
उत्तरी और मध्य फिलीपींस में रविवार को आए एक उष्णकटिबंधीय तूफान ने भारी तबाही मचाई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 22 हजार से ज्यादा लोगों को बाढ़ और भूस्खलन की आशंका वाले गांवों से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। तूफान का नाम फेंगशेन (स्थानीय नाम: रामिल) है। यह रविवार दोपहर के समय मनीला की खाड़ी के ऊपर था और इसकी रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि यह तूफान रविवार रात को मुख्य फिलीपींस क्षेत्र लुजोन से दूर चला जाएगा। शनिवार को कैपिज प्रांत के रोक्सास सिटी में एक ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई। यहां कई गांवों में बाढ़ का पानी बढ़ गया था, जिसे समुद्र की ज्वार ने और भी गंभीर बना दिया।
कतर का दावा- अफगानिस्तान और पाकिस्तान तत्काल युद्धविराम पर सहमत हुए
अफगानिस्तान और पाकिस्तान तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। कतर के विदेश मंत्रालय ने रविवार को यह दावा किया है। यह एक हफ्ते से भी अधिक समय से चल रही लड़ाई के बाद हुआ है। इस संघर्ष में दर्जनों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं। इस संकट को सुलझाने के लिए अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए दोहा में थे। इस बातचीत की मध्यस्थता कतर और तुर्किये ने की थी। दोनों सरकारों ने वार्ता का नेतृत्व करने के लिए अपने रक्षा मंत्रियों को भेजा था, जिसके बारे में पाकिस्तान ने कहा कि वार्ता ‘अफगानिस्तान से उत्पन्न सीमा पार आतंकवाद को समाप्त करने और सीमा पर शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए तत्काल उपायों’ पर केंद्रित होगी।