राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 से 30 दिसंबर तक गोवा, कर्नाटक और झारखंड के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, वह 27 दिसंबर की शाम गोवा के लिए रवाना होंगी। 28 दिसंबर को राष्ट्रपति कर्नाटक के कारवार हार्बर से पनडुब्बी के जरिए समुद्री यात्रा करेंगी। यह दौरे का एक खास और महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा। इसके बाद 29 दिसंबर को राष्ट्रपति झारखंड के जमशेदपुर पहुंचेंगी, जहां वह ओल चिकि लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। इसी दिन वह एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी। 30 दिसंबर को राष्ट्रपति झारखंड के गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जनसंस्कृतिक समागम समारोह ‘कार्तिक यात्रा’ को संबोधित करेंगी।
बंगलूरू में वाहनों को टक्कर मारने वाला ‘शराबी’ चालक गिरफ्तार
बंगलूरू में पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने और लापरवाही बरतने के आरोप में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस व्यक्ति की एसयूवी ने एक बाइक को टक्कर मारी, उसे लगभग 500 मीटर तक घसीटा और फिर कई वाहनों को टक्कर मारी। अधिकारियों में बताया कि यह घटना 24 दिसंबर को शाम करीब 7.15 बजे कामाक्षीपाल्या के पास रिंग रोड पर हुई, जब बाइक सवार रोहित नागरभावी सर्कल की ओर जा रहा था।
यह घटना राहगीरों के कैमरे में कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार के नीचे फंस गई। हालांकि, एसयूवी चालक, जिसकी पहचान बाद में श्रीनिवास के रूप में हुई, कथित तौर पर रुका नहीं और लगभग 500 मीटर तक गाड़ी चलाता रहा, इस दौरान मोटरसाइकिल को घसीटता रहा।
पुलिस ने बताया कि रोहित को सीने, हाथों और पैरों में चोटें आईं। बाद में कार ने कई अन्य वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के एक समूह ने पीछा किया और टक्कर मारने वाले वाहन को रोक दिया। इधर, रोहित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्रीनिवास के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कन्नूर में एक ही परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए
केरल के कन्नूर में एक ही परिवार के तीन लोगों के मृत मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्य फांसी पर लटके हुए मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय किशन दोपहर में कुथुपरम्बा के पास नीरवेली में अपनी दादी के घर पर फांसी पर लटका हुआ मिला।
पुलिस घर पहुंची और किशन के शव को थलस्सेरी सरकारी अस्पताल ले गई। पुलिस ने बताया कि अस्पताल से लौटने के बाद किशन की दादी वीके रेजी और उनकी बहन रोजा उसी घर में फांसी पर लटकी हुई मिलीं। किशन अपनी दादी और उनकी बहन के साथ रहता था और वे आपस में बहुत करीब थीं। पुलिस का मानना है कि किशन की मौत से दोनों महिलाएं गंभीर अवसाद में चली गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि किशन एक आपराधिक मामले में भी शामिल था। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने आगे बताया कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।
